लोढ़ी काशी की धरा सोमवार से योग के रंग में रंग जाएगी। बाबा रामदेव के बांसवाड़ा में पहली बार आगमन को लेकर उत्साह का वातावरण है और तीन दिवसीय शिविर के साथ ही लोढ़ी काशी योगमय होगी। हर कोई योग मुद्रा में लीन नजर आएगा और योग से निरोगी काया का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा। खेल स्टेडियम पर योग शिविर के अलावा भी अन्यत्र कई अन्य आयोजनों में योग की महिमा का गुणगान होगा और वागड़वासी इससे लाभान्वित होंगे। योग के प्रति लोगों को जागरूक करने और बाबा रामदेव के शिविर में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी के लिए रविवार शाम युवा भारत के तत्वावधान में शहर में वाहन रैली निकाली गई।
योग का दिया संदेश
रैली को युवा भारत के केन्द्रीय प्रभारी सचिन भाई ने झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में पतंजलि के समस्त प्रकल्पों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। वाहन रैली में शताधिक दुपहिया वाहनों के साथ ही दर्जन भर चौपहिया वाहन शामिल हुए। वन विभाग के सामने वेद मंदिर परिसर स्थित भारत स्वाभिमान कार्यालय से शुरू होकर वाहन रैली कस्टम चौराहा, पुराना बस स्टेण्ड, गांधी मूर्ति, चंद्रपोल गेट, श्री रघुनाथजी मंदिर, आजाद चौक, पाला रोड़ नई आबादी, कलक्ट्री रोड, एमजी अस्पताल चौराहा, मोहन कॉलोनी चौराहा, महाराणा प्रताप सर्कल से लिंक रोड होते हुए कॉलेज के समक्ष शिविर स्थल जिला खेल स्टेडियम पहुंचकर सम्पन्न हुई। वाहन रैली के दौरान युवाओं ने करो योग-रहो निरोग के साथ ही देशभक्ति से ओतप्रोत जय हिन्द, वन्देमातरम, भारत माता की जय उद्घोष लगाए। रैली में राज्य प्रभारी विनोद पारीक, पश्चिमी राजस्थान प्रभारी समन्दर सिंह, भारत स्वाभिमान के पार्थ दामा, पतंजलि योग समिति के पूर्णाशंकर अचार्य, महिला पतंजलि की भुवनेश्वरी मालोत, रेखा कंसारा, दीपिका दीक्षित, युवा भारत के मनोज सोलंकी, अमित जोशी घनश्याम जोशी, डॉ. आर.के. मालोत आदि ने भाग लिया।
लोगों का बढ़ा रुझान
पतंजलि जिला योग प्रचारक घनश्याम जोशी ने कहा कि योग शिविर के प्रचार-प्रसार के दौरान यह देखने को मिला कि स्थानीय लोगों में योग को लेकर काफी रुझान बढ़ा है। गत कुछ दिनों से गांवों और शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए योग शिविर में लोगों ने बढ़चढकऱ हिस्सा भी लिया। यह देखने को मिला कि लोग योग करना चाहते हैं। और इसमें तो कोई दो राय नहीं कि नियमित योग करने से स्वास्थ्य काफी बेहतर रहता है।
आयोजन से जुड़े
लोगों में उभरे मतभेद योग शिविर के लिए बनी आयोजन समिति और आयोजन को लेकर बाहर से आए पदाधिकारियों के मध्य रविवार को मतभेद भी सामने आए। आयोजन समिति के कुछ सदस्यों ने इस बात को लेकर नाराजगी जताई की पूरी तैयारी उन्होंने की और अंतिम समय में पूरा दारोमदार बाहर से आए लोगों ने संभाल लिया। इस विवाद पर बात इतनी अधिक आगे बढ़ गई की कुछ सदस्य बैठक छोड़ कर चले गए। बाद में किसी तरह आपस में चर्चा हुई और आयोजन समिति की ओर से तय किए गए कार्यक्रमों पर सहमति बनने के बाद विवाद की स्थिति थमी। कुछ सदस्यों ने सहयोग राशि के बारे में भी जानकारी चाही जिस पर भी बहस हुई ।
विज्ञापन के लिए संपर्क करे
90197-90196
हमसे फेसबुक पर जुड़िये
हमारी व्हाट्स एप्प ब्राडकॉस्ट सेवा से जुड़े
वी एम एन टुडे न्यूज़ की व्हाट्स एप्प ब्राड कॉस्ट सेवा से जुड़ने के लिए :- हमारा नंबर 90197-90196 को अपने कांटेक्ट लिस्ट में “VMNToday” नाम से सेव कीजिये |
- VMNToday (हमारे नंबर पर ) पर “JOIN <अपना नाम > <शहर>” लिख भेजिए या यहाँ क्लिक कीजिये |
- आपको Broadcast List में जोड़ा जायेगा और स्वीकृति मेसेज भेज दिया जायेगा |


