नीमच. देश भर में नीमच जैसे छोटे जिले में ऐसा आखिर हुआ क्या है जो प्रधानमंत्री एक्सीलेंस अवार्ड के लिए यहां के कलेक्टर को चुना गया है। एक, दो नहीं पूरे पांच परीक्षणों के दौर से नीमच जिले की प्रशासनिक टीम गुजरी है। यहां योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए ऐसा प्रयोग किया गया है जो पहले कभी कहीं नहीं हुआ। नईदिल्ली के विज्ञान भवन में शनिवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष समारोह में नीमच कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रमसिंह को सम्मानित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना को ऐसे दिया स्वरूप-नीमच जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ देने की योजना देश भर की तरह चल रही थी। नीमच कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रमसिंह ने एक तरकीब निकाली जिससे गरीबों को न केवल आवास का लाभ मिले बल्कि वे आर्थिक रूप से भी सक्षम हो जाएं। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार बैठकें ली गई। आखिरकार निचोड़ यह निकला कि आवास योजना के साथ ही पात्र हितग्राही जिस भी योजना के लिए पात्र है उसे उसका लाभ देकर फिर सतत मॉनिटरिंग की जाए। शुरूआत प्रधानमंत्री आवास के निर्माण से हुई। मकानों की इकाइयां जिन लोगों से बनवाई गई है इसके पीछे भी रोचक कहानी है। युवाओं को मकान मिस्त्री का प्रशिक्षण दिलाया गया। स्थानीय स्तर पर ही युवाओं को रोजगार दे दिया गया। सीमेंट के अलावा ईंट बनाने का काम भी युवाओं ने किया। इससे कई लोगों को रोजगार मिलने लगा। फिर जिन्होने मकान बनाए वे उन गावों के ही बेरोजगार युवा थे। इधर तैयार आवासों में बिजली के लिए प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना का लाभ दिया। रसोई के लिए उज्जवला योजना के तहत घर की मालकिन को गैस कनेक्शन दे दिए। जनधन योजना में गरीब परिवार के खाते एक्टिवेट करवा दिए गए। आरटीई के तहत उनके बच्चों का शालाओं में प्रवेश दिला दिया। जिन परिवारों में छोटे बच्चे थे उनका शतप्रतिशत टीकाकरण करवाया। जहां बेरोजगार थे वहां पर महिलाओं के स्व सहायता समूह गठित कर उनकी आर्थिक गतिविधियां प्रारंभ कर दी। कुछ मेहनतकशों को पशुपालन, बढ़ईगिरी, फेरी लगाने, सब्जी बेचने के लिए ऋण देकर रोजगार प्रारंभ करवा दिए गए। इस तरह हुआ चयन-इस पूरी योजना का खाका तैयार करने में कलेक्टर के साथ अपर कलेक्टर विनयकुमार धोका, जिला पंचायत सीईओ कमलेशकुमार भार्गव, डिप्टी कलेक्टर वंदना मेहरा, तीनों उपखंडों के एसडीएम और तहसीलदार नीमच गोपाल सोनी ने तकनीकी टीम के साथ खासी मशक्कत की। हर गांव में जाकर न केवल भौतिक सत्यापन किया गया बल्कि उन पर एक पॉवर पे्रजेंटेशन भी तैयार करवाया गया। सबसे पहले प्रधानमंत्री एक्सीलेंस अवार्ड के लिए नीमच जिले से आवेदन किया गया। छंटनी में नीमच को शामिल कर लिया गया। इसके बाद प्रेजेंटेशन तैयार कर भेजा जिसे नेशनल टीम ने चयनित किया। दिल्ली से टीम आई और प्रेजेंटेशन के आधार पर भौतिक सत्यापन किया। चयनित होने पर नीमच कलेक्टर और तकनीकी टीम को दिल्ली बुलाया गया जहां पर नेशनल टीम और देश भर के कलेक्टर्स की मौजूदगी में प्रेजेंटेशन दिया गया। चयन के बाद दिल्ली से एक मीडिया टीम भेजी गई, जिसने संबंधित गावों में जाकर सक्सेस डॉक्यूमेंटरी तैयार की। शुक्रवार को दिल्ली में कलेक्टर द्वारा फायनल प्रजेंटेशन दिया गया। इसके बाद नीमच जिले को चयनित कर लिया गया। आखिरी राउंड में नीमच कलेक्टर के प्रजेंटेशन ने इंदौर और आंध्रप्रदेश के जिलों को पछाड़ा। इस तरह यह अवार्ड नीमच के नाम हो गया। जिले को पहली बार यह गौरव मिलने जा रहा है। नीमच जिला प्रशासन की पूरी टीम में हर्ष है, आज शाम ४ बजे दिल्ली में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री एक्सीलेंस अवार्ड समारोह का यहां सीधा प्रसारण समारोहपूर्वक किया जाएगा।
विज्ञापन के लिए संपर्क करे
90197-90196
हमसे फेसबुक पर जुड़िये
हमारी व्हाट्स एप्प ब्राडकॉस्ट सेवा से जुड़े
वी एम एन टुडे न्यूज़ की व्हाट्स एप्प ब्राड कॉस्ट सेवा से जुड़ने के लिए :- हमारा नंबर 90197-90196 को अपने कांटेक्ट लिस्ट में “VMNToday” नाम से सेव कीजिये |
- VMNToday (हमारे नंबर पर ) पर “JOIN <अपना नाम > <शहर>” लिख भेजिए या यहाँ क्लिक कीजिये |
- आपको Broadcast List में जोड़ा जायेगा और स्वीकृति मेसेज भेज दिया जायेगा |
